नालागढ़| नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास विरोधी सरकार चल रही है, कांग्रेस की सरकार के पास बहुमत नहीं है। सरकार बचाने के लिए स्पीकर ने भाजपा के 15 विधायकों को निष्कासित किया। लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करके यह सरकार बची है, जो अब ज़्यादा दिन नहीं चलने वाली है। नेता प्रतिपक्ष ने ये शब्द नालागढ़ में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कहे। इस मौके पर उनके साथ विधायक केएल ठाकुर, लखविंद्र राणा समेत तमाम पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमारे नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
उनके पास अगर तथ्य हैं तो वह जनता के सामने रखें। सभी नेताओं ने आपराधिक मानहानि का मुक़दमा किया है। कोर्ट ने उनसे जवाब भी मांगा है, उन्हें अब तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले ही कांग्रेस ने हार मान ली है यही वजह है की कांग्रेस नेता चुनाव लडऩे से भाग रहे हैं।
लोकसभा-विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ही जीतेगी
जयराम ठाकुर ने कहा लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में खुलेआम गुंडा टैक्स वसूला जा रहा है, जिस कारण उद्योग पलायन कर रहे हैं। स्क्रैप के मामले में जो हाल इस सरकार में है, वह पहले कभी नहीं था। उद्योगों को परेशान करने के लिए जिस तरह से अराजकता चल रही है, उससे प्रदेश का नुक़सान होगा। कांग्रेस ने प्रदेश में हज़ारों की संख्या में चले हुए संस्थान बंद कर दिए। माताओं-बहनों को गारंटी दी, लेकिन पूरा करने कोई बजाय उन्हें अपमानित किया। नौकरियां देने की बात की और सरकार में आते ही 11 हज़ार लोगों को नौकरी से निकल दिया। कांग्रेस सरकार ने आपदा के दौरान केंद्र सरकार से भेजे गए पैसे से अपने कार्यकर्ताओं का ही भला किया गया।
मंडी मिलन में पहुंचीं कंगना
बद्दी में शनिवार शाम को आयोजित मंडी मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जयराम ठाकुर व मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रत्याशी कंगना रणौत, सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल, नाचन से विधायक विनोद कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
