Spread the love

शिमला| सरकार और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में शुरू हुआ टकराव बढ़ गया है। राज्य सरकार के आदेश के बावजूद पटवारी और कानूनगो ने उन्हें सौंपे गए अतिरिक्त कार्यभार को वापस लौटा दिया है। गुरुवार को प्रदेश भर में पटवारियों और कानूनगो ने आलाधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार की चाबियां वापस सौंप दी। इसके साथ ही उनकी मांगें पूरी न होने तक आंदोलन को जारी रखने का भी फैसला किया है। प्रदेश भर में पटवारी और कानूनगो ऑनलाइन काम शुरू करने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे अब विवाद के और अधिक बढऩे की संभावना बन गई है। गौरतलब है कि प्रदेश भर में 3350 पटवारी-कानूनगो के पद हैं। इनमें से 500 पद खाली चल रहे हैं। बीते दिनों राज्य सरकार ने रिटायर हो चुके कर्मचारियों को वापस काम पर लगाने का फैसला किया था, लेकिन अभी तक 33 पटवारी और 55 कानूनगो को ही तैनात किया जा सका है।

राज्य सरकार से वार्ता नहीं हो पाती है, तो प्रदेश भर के सभी 3350 कर्मचारी अपना काम छोडऩे का फैसला कर सकते हैं। पटवारी-कानूनगो एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सतीश चौधरी ने बताया कि वे सरकार के ऑनलाइन प्रोजेक्ट के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जब तक सुविधाएं नहीं मिलती, काम करना मुश्किल होगा। राज्य सरकार को सभी पटवारवृत्त में स्थायी कनेक्टिविटी देनी होगी। पटवारी और कानूनगो वर्ग के लिए पदोन्नति कोटे में तय की गई जरूरी परीक्षा लिपिक वर्ग के लिए भी अनिवार्य करनी होगी। नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नति के लिए लिपिक वर्ग को 20 प्रतिशत कोटा तय किया गया है और उन्हें बिना परीक्षा दिए नायब तहसीलदार बनने का मौका मिलता है, जबकि पटवारी और कानूनगो के लिए परीक्षा अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही लैंड रिकॉर्ड परीक्षा में फेल होने पर उन्हें फेल मान लिया जाता है, जबकि परीक्षा का दूसरा मौका दिया जाना चाहिए। इसके अलावा सरकार की पटवारी कानूनगो के स्टेट कैडर और स्टेट लेवल की तबादला नीति का फैसला किया है।

By admin

Leave a Reply