Spread the love

शिमला | हिमाचल सरकार के उपक्रम एचपीएमसी को वाइन बेचने का लाइसेंस मिल गया है। काफी समय से एचपीएमसी ने राज्य कर एवं आबकारी विभाग को लाइसेंस के लिए आवेदन कर रखा था, जिसकी औपचारिकताओं को पूरा करने में लगभग एक साल का समय लग गया। अब एचपीएमसी को लाइसेंस प्राप्त हुआ है, जिसके साथ उसने वाइन बनाना शुरू कर दिया है। अलग-अलग फलों पर आधारित वाइन ठियोग के पराला प्रोसेसिंग प्लांट में तैयार की जा रही है, जो जल्दी ही एचपीएमसी के सभी स्टॉल में मिलनी शुरू हो जाएगी।

एक तरफ एचपीएमसी फलों पर आधारित वाइन मार्केट में उतारेगा, तो दूसरी ओर उसने प्रदेश से बाहर भी इसे भेजने की सोची है। इस पर अभी अधिकारी संभावनाएं देख रहे हैं कि आखिर किस-किस प्रदेश में इसे भेजा जा सकता है। वैसे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसे सबसे पहले भेजने की सोची है, जहां पर इसकी अच्छी खासी बिक्री हो सकती है। इसको लेकर मामला निदेशक मंडल की बैठक जाएगा, जहां पर आगे निर्णय लिया जाएगा कि आखिर क्या करना है। इससे पहले एचपीएमसी का साइडर भी अच्छा खासा बिकता है। हालांकि वह प्रदेश में ही बेचा जाता है, मगर अब वाइन को दूसरे राज्यों को भी भेजा जाएगा।

अच्छा सेब ही खरीदेंगे

पिछली बार की तरह इस बार भी एचपीएमसी ए और बी ग्रेड का ही सेब खरीदेगा, क्योंकि सरकार ने जो नियम बनाए हैं, उसमें अच्छा सेब खरीदने को ही कहा है। इससे निगम को फायदा भी मिला है। अब वाइन कारोबार से कितना फायदा होता है, यह देखना होगा।

एचपीएमसी ने पराला में लगाया है बड़ा प्रोसेसिंग प्लांट

पराला में एक बड़ा और बेहतरीन प्रोसेसिंग प्लांट एचपीएमसी ने लगाया है, जिसमें करोड़ों की आधुनिक मशीनें हैं। इसका पूरा उपयोग किया जाए, इसके लिए एचपीएमसी प्रशासन योजनाएं बना रहा है। इससे पहले यहां पर सेब का कंसंट्रेट बनाया गया है, जिसकी अच्छी डिमांड रही है और 1900 मीट्रिक टन एप्पल कंसंट्रेट एचपीएमसी ने बेच भी दिया है। अब पराला प्रोसेसिंग प्लांट में जो सेब बचा है, उससे वह एचपीएमसी के लिए कंसंट्रेट बना रहा है, ताकि वर्ष भर वह इसका कारोबार जारी रखे।

By admin

Leave a Reply