Spread the love

मंडी| जिला में रविवार को पेश आए दर्दनाक सडक़ हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब नौ बजे पेश आया। दरअसल, पंजाब के लुधियाना से एक महिंंद्रा पिकअप (पीबी 02 ईजी 4543) गाड़ी टेंट का सामान लेकर आईआईटी कमांद आ रही थी। पिकअप चालक दलजीत जैसे ही क मांद पुल के पास पहुंचा, तो सडक़ पर ढलान के कारण वह ब्रेक लगाने लगा, लेकिन ब्रेक नहीं लगी, जिसका कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई। गाड़ी रोकने के लिए चालक ने उसे पुल पर ही मोड़ा, तो गाड़ी मंडी की ओर मुडक़र पलट गई। पिकअप के पीछे सामान पर बैठे चार लोग गाड़ी से उछलकर उहल नदी के साथ बनी कच्ची सडक़ पर जा गिरे। इन चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गाड़ी के अंदर कंडक्टर सीट पर बैठा युवक भी नीचे सडक़ पर जा गिरा। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई थी। गाड़ी में सवार छह लोगों में से केवल चालक की ही जान बच पाई है। चालक ने बताया कि बे्रक फेल हो गई थी, जिस कारण वह गाड़ी को नहीं रोक पाया।

गाड़ी मंडी की दिशा से आईआईटी कमांद की ओर जा रही थी। घटना का पता जैसे ही स्थानीय लोगों को चला, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। घायल चालक दलजीत को टैक्सी चालक नरेंद्र ने तुरंत जोनल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं पांच शवों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया है। तीन मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह पुत्र हरवंश सिंह निवासी लुधियाना, उमेश कुमार पुत्र राजा राम जीटी रोड प्रतापनगर (अमृतसर) तथा सागर पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी गांव फिरोजपुर (अमृतसर) के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक अन्य दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। वहीं गाड़ी चालक दलजीत पुत्र जगतार सिंह पंजाब के गांव मलिया, जिला तरनतारण का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कमांद के निकट हुए सडक़ हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीडि़त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता और घायल को बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी हादसे पर शोक जताया है।

पांवटा में पेड़ से मारी बाइक, दो नाबालिगों की दर्दनाक मौत

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के क्यारदा गांव में रविवार को बाइक के पेड़ से टकराने से दो नाबालिगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुरजीत (15) पुत्र हरपाल सिंह बौर देवांश शर्मा उर्फ देव (13) पुत्र बंटू शर्मा, दोनों निवासी क्यारदा के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 15 साल का गुरजीत बाइक चला रहा था। दोनों नाबालिग एक मंदिर में भंडारे में जा रहे थे। इस दौरान नहर के किनारे बाइक अनियंत्रित हुई और सडक़ के साथ खड़े पेड़ से टकरा गई।

कंडाघाट में बस से बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

कंडाघाट। चंडीगढ़-शिमला एनएच पर पंचायत कंडाघाट में बस और बाइक के बीच हुई भयंकर टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों की पहचान,नीरज शर्मा (27) पुत्र रामराज शर्मा गांव लदेहड़ा तहसील भोरंज (हमीरपुर) और सूरज नागरे (25) पुत्र अशोक कुमार डाकखाना सन्हु, जिला कांगड़ा के तौर पर हुई है। सूरज नागरे का रविवार को जन्मदिन भी था। पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना कंडाघाट में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।

राजा का तालाब में बाइक स्किड, डिलीवरी ब्वाय की मौत

राजा का तालाब। पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत राजा का तालाब में ज्वाली रोड पर वरोह आईटीआई के पास रविवार को एक बाइक सवार ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पहले बाइक और फिर कार से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नियाल निवासी अनिल कुमार (32) पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है। मृतक डिलीवरी ब्वाय का काम करता था।

By admin

Leave a Reply