शिमला | हिमाचल प्रदेश में लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट (एलडीआर) कोटे के तहत होने वाली भर्तियां जॉब ट्रेनी स्कीम के दायरे में नहीं आएंगी। इस प्रक्रिया के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की नियमित भर्तियां होंगी। जेओए आईटी और क्लर्कों की एलडीआर कोटे के तहत भर्तियों को लेकर कार्मिक विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सेवारत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को जेओए आईटी-क्लर्क भर्ती में 20 फीसदी एलडीआर कोटा मिलेगा। भर्ती निदेशालय के माध्यम से ही एलडीआर कोटे में जेओए आईटी और क्लर्कों के पद भरे जाएंगे। शनिवार को कार्मिक विभाग ने सभी विभागों, निगमों-बोर्डों में सामूहिक और समान तरीके से भर्ती करने के लिए फैसला लेते हुए पत्र जारी किया है।
कार्मिक विभाग की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और निगम-बोर्डों के प्रबंध निदेशकों को भेजे पत्र में कहा गया कि सरकार ने बहु-विभागीय समान ग्रुप सी पदों की सीधी भर्ती को केंद्रीकृत करने के लिए भर्ती निदेशालय की स्थापना की है। 19 जुलाई 2025 को सरकार की ओर से शुरू की गई जॉब ट्रेनी स्कीम के तहत ग्रुप ए, बी और सी कैडर की सीधी भर्ती वाले पदों को फिक्स्ड मानदेय पर जॉब ट्रेनी के रूप में भरा जाना अनिवार्य किया गया है। 6 अगस्त 2025 को जारी निर्देशों के मुताबिक जेओए (आईटी) के सीधी भर्ती वाले पद अब इसी स्कीम के माध्यम से भरे जाएंगे। इनकी पूरी प्रक्रिया को निदेशालय के माध्यम से ही किया जाएगा।
