Spread the love

शिमला । उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि एचआरटीसी के पास वर्तमान में लगभग 3200 बसें हैं, जिनमें से करीब 500 बसें हटाना अनिवार्य हो गया है। औसतन 15 वर्ष या नौ लाख किलोमीटर चल चुकी बसों को हटाया जाता है। जब तक 297 इलेक्ट्रिक बसें और 250 मिनी बसें और 100  टैम्पो ट्रैवलर शामिल नहीं होती, तब तक पुरानी बसों को पूरी तरह हटाना संभव नहीं है। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम को केवल घाटे-मुनाफे के पैमाने पर आंकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी एक व्यावसायिक संस्था नहीं, बल्कि जनसेवा का उपक्रम है, जिसने प्रदेश में पिछले 50 वर्षों से लोगों की जीवनरेखा के रूप में काम किया है।

शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि एचआरटीसी को लोगों की सुविधा के लिए 28 तरह की विभिन्न श्रेणियों किराए में छूट देनी पड़ती हैं। कई दुर्गम और घाटे वाले क्षेत्रों में निजी ऑपरेटर बसें नहीं चलाते, लेकिन वहां भी निगम अपनी सेवाएं जारी रखता है। कोरोना काल हो या प्राकृतिक आपदाएं एचआरटीसी ने हर परिस्थिति में लोगों की सेवा की है। ऐसे में मुनाफा कमाना स्वाभाविक रूप से कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को मिलने वाली आर्थिक सहायता पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा दी जाती है।

इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल

इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल एक बस ट्रायल के लिए लाई गई है। इसे 18 डिपुओं के अंतर्गत 36 स्थानों पर चलाकर परखा जा रहा है। अर्की, सोलन और सराहन जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बस की चार्जिंग और संचालन की व्यावहारिकता का परीक्षण किया जा रहा है।

ओवरलोडिंग से एक्सीडेंट

सिरमौर जिले के हरिपुरधार में हुए बस हादसे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 82 यात्री सवार थे, जबकि हादसे में 14 लोगों की मौत हुई। ओवरलोडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

जारी रहेगी व्यवस्था

हिमकार्ड को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी में जो व्यवस्था अभी लागू है, वही आगे भी जारी रहेगी। हिमकार्ड यात्रा से संबंधित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों के लिए अलग पहचान पत्र है।

By admin

Leave a Reply