शिमला । हिमाचल कैडर के बाहरी राज्यों के आईएएस-आईपीएस जैसे प्रशासनिक अधिकारियों पर धन के आबंटन में बंदरबांट के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह के आरोपों से बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी निराश दिखाई दिए। जगत सिंह नेगी विक्रमादित्य सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर की पोस्ट पर कहा कि वह विक्रमादित्य सिंह के बयान से इतेफाक नहीं रखते है। बाहर के प्रदेशों के बहुत सारे अफसर अच्छा काम भी कर रहे हैं। गुण-दोष दोनों तरफ होता है। स्पेस्फिक होना चाहिए कि कौन ठीक नहीं है। जरनल स्टेटमेंट देने से काम नहीं चलता। इससे जो अच्छा काम कर रहे हैं, वह भी हतोत्साहित होते हंै। इससे पहले लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हिमाचल के संसाधन प्रदेश के लोगों के हैं, यदि केंद्र से भी पैसे लाए जा रहे हैं, वो भी हिमाचल के लोगों के हैं। अधिकारियों को कोई अधिकार नहीं कि वह अपने हिसाब से पैसों की एलोकेशन करें।
उन्होंने कहा कि पैसों की बंदरबाट अगर हुई भी है, तो उसे सहन नहीं किया जाएगा और इसमें किसी तरह का समझौता नहीं होगा। बता दें कि मंगलवार देर शाम को अपने सोशल मीडिया पेज पर आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को लेकर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि हम उपमुख्यमंत्री के मंडी अभिभाषण से सहमत है कि कुछ बाहरी अधिकारी हिमाचल की धज्ज्यिां उड़ा रहे हैं, उन्हें हिमाचल से कोई ज्यादा सरोकार नहीं है। समय रहते उनसे निपटने की आवश्यकता हैं, नहीं तो हिमाचल के हित निपट जाएंगे।
क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सचिवालय में बन रहे भवन के निर्माण को लेकर जो खामियां उजागर हुई है, वह रिपोर्ट अप्रैल 2025 की है। रिपोर्ट उनके पास पहुंच गई है और इसका अवलोकन किया जा रहा है। अगर संबंधित एजेंसी ने क्वालिटी के साथ समझौता किया है, तो विभाग नियमानुसार कारवाई करेगा।
