टाइम्स हिमाचल (हेम)
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के संतोषगढ़ नगर परिषद क्षेत्र से जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार को उस पानी के कनेक्शन का 8,321 रुपये का बिल भेज दिया गया, जो उनके घर में आज तक लगाया ही नहीं गया। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग विभागीय लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
वर्ष 2020-21 में किया था कनेक्शन के लिए आवेदन
जानकारी के अनुसार, संतोषगढ़ निवासी बलदेव सिंह ने वर्ष 2020-21 के दौरान अपने घर के निर्माण के समय पानी का कनेक्शन लगाने के लिए जल शक्ति विभाग में आवेदन किया था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में पेयजल कनेक्शन मिल जाएगा, लेकिन हैरानी की बात यह है कि करीब छह साल बीत जाने के बाद भी उनके घर में नल कनेक्शन नहीं लगाया गया।परिवार का कहना है कि, उन्होंने कनेक्शन के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज और औपचारिकताएं विभाग के पास जमा करवाई थीं। इसके बावजूद आज तक विभाग की ओर से उनके घर तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच पाई।
बिल देख परिवार हुआ हैरान
इस बीच कई बार उन्होंने विभागीय कार्यालय के चक्कर भी लगाए और कर्मचारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। मामला तब और चौंकाने वाला बन गया जब 14 मार्च 2026 को विभाग की ओर से उनके घर 8,321 रुपये का पानी का बिल भेज दिया गया।बिल देखकर परिवार हैरान रह गया। बलदेव सिंह की पत्नी सुरजीत कौर ने कहा कि जिस घर में आज तक नल ही नहीं लगा, वहां पानी के उपयोग का बिल भेजना समझ से परे है। उनका कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है और ऐसे में अचानक इतना बड़ा बिल आना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया है।
स्थानीय लोगों ने भी विभाग से जवाब मांगा
स्थानीय लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए विभाग से जवाब मांगा है। लोगों का कहना है कि जब किसी घर में कनेक्शन ही नहीं लगाया गया तो पानी का बिल भेजना पूरी तरह से गलत है।
accident
Chandigarh
Crime
Delhi
Himachal
Lifestyle
Mandi
National
Politics
Punjab
Religious
Shimla
Sirmaur
Solan
Sports
नल तो नहीं लगा पर बिल हज़ारों का आ गया, सरकार का कारनामा
