चंडीगढ़ में शराब बिक्री को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। नई एक्साइज पॉलिसी 2026-27 के तहत अब पेट्रोल पंप, मॉल और प्रमुख बाजारों में भी शराब की बिक्री की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन द्वारा मंजूर इस नीति में डिजिटल पेमेंट को अनिवार्य किया गया है, यानी अब शराब की दुकानों पर कैश के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी जरूरी होगा।
नई व्यवस्था के अनुसार, पेट्रोल पंप और मॉल के लिए L-2D नाम से नई लाइसेंस कैटेगरी शुरू की गई है। इसके तहत कम से कम 300 वर्ग फुट क्षेत्र वाली दुकानों में आयातित वाइन और बीयर की रिटेल बिक्री की जा सकेगी। वहीं, बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर्स को L-10B लाइसेंस दिया जाएगा, जिसकी फीस 30 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस लाइसेंस के जरिए वे विदेशी शराब, वाइन और बीयर बेच सकेंगे।
नीति में सुरक्षा और निगरानी को भी प्राथमिकता दी गई है। बार, होटल और रेस्टोरेंट में अल्कोमीटर रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि ग्राहक अपना अल्कोहल स्तर जांच सकें। इसके अलावा, शराब की ढुलाई करने वाले हर वाहन में GPS ट्रैकिंग सिस्टम जरूरी होगा और कुछ में डिजिटल लॉक भी लगाए जाएंगे, जिससे किसी तरह की छेड़छाड़ रोकी जा सके।
हर बोतल पर बारकोड और सिक्योरिटी फीचर अनिवार्य होगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग संभव हो सके। साथ ही सभी दुकानों और प्लांट्स में 24 घंटे CCTV कैमरे लगाना जरूरी होगा। फैक्ट्रियों में फ्लो मीटर लगाए जाएंगे ताकि उत्पादन पर नजर रखी जा सके।
इसके अलावा दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास सफाई बनाए रखना और डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा, अन्यथा जुर्माने का प्रावधान है। इस नई नीति के तहत कुल 97 लाइसेंस जारी किए जाएंगे और करीब 454 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
