चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित विकास नगर, मौली जागरां में बुधवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने के बाद किचन में रखा गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवारों और लेंटर तक में दरारें आ गईं। गनीमत रही कि घर में मौजूद सभी चार सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 12:45 बजे की है। मकान नंबर 216 के चौथे फ्लोर पर मौजूद योगेश ने तीसरी मंजिल से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। बताया जा रहा है कि इस मंजिल पर कोई रहता नहीं था और वहां केवल किचन बनाया गया था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए योगेश ने तुरंत नीचे सो रहे अपने पिता गिरीश, मां और भाई को जगाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
