Times Himachal : चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूणहकोठी पंचायत में ऊना जिले से संबंध रखने वाले टीजीटी (नॉन-मेडिकल) शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह शिक्षक का शव करीब 150 मीटर गहरी खाई से नीचे सड़क पर बरामद हुआ। मृतक की पहचान अमित कुमार निवासी गांव हीरानगर, डाकघर अंब (जिला ऊना) के रूप में हुई है। पिछले करीब चार वर्षों से इस क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे युवा शिक्षक के आकस्मिक निधन की खबर से संबंधित स्कूल सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जन्मदिन की पार्टी के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर रात उस समय हुआ, जब अमित कुमार जन्मदिन की पार्टी के बाद गुरुकुल स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में रास्ते पर अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह करीब 150 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरे। इस घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला, जब वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने सड़क पर अध्यापक का शव पड़ा देखा। वाहन चालकों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी, जिसके बाद पुलिस थाना भरमौर को मामले से अवगत करवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मृत्यु का वास्तविक कारण क्या रहा, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
जन्मदिन पर स्कूल के बच्चों को खिलाई थी खीर
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि घटना से ठीक एक दिन पहले ही अमित कुमार ने अपना जन्मदिन मनाया था और इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के बच्चों को खीर भी खिलाई थी। अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के कारण वह विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। जन्मदिन की खुशियां मनाने के कुछ ही घंटों बाद हुए इस हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
घर में गूंजने वाली थी नन्हे मेहमान की किलकारी
अमित कुमार अपने पीछे गर्भवती पत्नी और एक छोटी बेटी को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि आगामी जनवरी माह में उनके घर दूसरे बच्चे का जन्म होने वाला था और पूरा परिवार नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटा हुआ था। ऐसे समय में परिवार का मुख्य सहारा छिन जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
