Spread the love

पूर्व क्रिकेटर पंजाबी अभिनेता योगराज सिंह इस समय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। चंडीगढ़ जिला अदालत ने विवादित डायलॉग मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत के इस फैसले के बाद अब उनकी गिरफ्तारी की आशंका भी बढ़ गई है।
दरअसल, मामला हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज लुक्खे से जुड़ा हुआ है। यह सीरीज 8 मई 2026 को रिलीज हुई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में योगराज सिंह, जो सीरीज में ‘फतेह सिंह’ का किरदार निभा रहे हैं, एक महिला पुलिस अधिकारी को लेकर विवादित टिप्पणी करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हुई।
बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ के दो वकीलों ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा महिलाओं के प्रति अपमानजनक है और इसका युवा दर्शकों पर गलत असर पड़ सकता है। शिकायत के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद बढ़ने के बाद पंजाब महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। वहीं, वेब सीरीज के निर्माताओं का कहना है कि विवादित डायलॉग को एपिसोड से हटा दिया गया है। हालांकि, योगराज सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई फिलहाल जारी है।

By admin

Leave a Reply