ऑस्ट्रेलिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां वीजा समाप्त होने के बाद एक भारतीय मूल का युवक चोरी की घटनाओं में शामिल हो गया। उस पर एक-दो नहीं बल्कि 68 बार चोरी करने के आरोप लगे हैं। Victoria Police ने उसे करीब 1 करोड़ रुपये के सामान की चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी के खिलाफ कुल 87 मामले दर्ज किए गए हैं। वह पिछले छह महीनों से लगातार सुपरमार्केट स्टोर्स को निशाना बना रहा था। चोरी किए गए सामान में इलेक्ट्रिक टूथब्रश, रेजर, विटामिन और स्किनकेयर प्रोडक्ट्स शामिल हैं, जिन्हें बाद में ब्लैक मार्केट में बेचा जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था। इस गिरोह के 31 सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस पूरी कार्रवाई को “ऑपरेशन सुपरनोवा” नाम दिया गया है, जिसे चोरी के खिलाफ अब तक के बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि 39 वर्षीय आरोपी भारत से स्टूडेंट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था। वीजा समाप्त होने के बाद वह देश छोड़ने के बजाय अवैध रूप से वहीं रह रहा था। वह दिन में छिपा रहता और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
चोरी किए गए सामान को इकट्ठा करने के बाद वह गिरोह के जरिए उसे बाजार में बेचता था। गिरोह के सदस्य उसकी सुरक्षा और नेटवर्क में मदद करते थे, जिससे वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बचा रहा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 31 आरोपियों में ज्यादातर भारतीय नागरिक हैं, जिनमें स्टूडेंट और ट्रैवल वीजा पर आने वाले लोग शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से अधिकांश पहले बार अपराध करने वाले हैं और उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।
