सोलन : हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मानसून के सक्रिय रहने से नदियां उफान पर हैं। जगह-जगह भूस्खलन से जान-माल को नुकसान हो रहा है। सोलन में बालद नदी में बाढ़ आने से एक ट्रेक्टर उसमें बह गया, हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई हैं। शिमला शहर में अधिकांश स्थानों पर भूस्खलन से सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ।
चौड़ा मैदान में लैंड स्लाइड से एक मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में भारी बारिश से 12 मकान बारिश की जद में आए हैं, लैंडस्लाइड से 29 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सफर करने से बचने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार भारी बारिश से 10 पशुशाला भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 4 कच्चे मकान पूरी तरह ढह गए और 8 कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है । इसमें कांगड़ा में 4, बिलासपुर और चंबा में तीन-तीन और सोलन-ऊना में एक-एक मकान को नुकसान पहुंचा है । हमीरपुर में एक दुकान भी बारिश से जमींदोज हो गई। इसके अलावा बारिश से 29 सड़कें, 17 टांसफार्मर और 4 पेयजल परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। कुल्लू जिला में सबसे ज्यादा 20 सड़कों पर आवाजाही ठप है। इसी तरह चंबा में 3, मंडी में 2 और बिलासपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, सोलन में एक-एक सड़क बंद है ।
