Spread the love

सोलन : हिमाचल के  सोलन के आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात से बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। साथ ही मौसम भी ठंडा हो गया है। नेशनल हाईवे पर भी कई जगह पत्थर गिरे हैं। हालांकि ट्रैफिक चल रहा है। जिला में 2 अगस्त तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है। बागवानी व वानिकी यूनिवर्सिटी नौणी के पर्यावरण विभाग ने इस बारे में अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार रात को सोलन में तेज बारिश शुरू हो गई थी। शनिवार सुबह करीब 7 बजे बारिश रुकी। सोलन के आसपास के क्षेत्रों में टमाटर और शिमला मिर्च की फसल तैयार है। लगातार बारिश से किसानों को फसल तोड़ने का समय नहीं मिल रहा। इससे फसल खराब होने का खतरा बन गया है। पिछले कुछ दिनों से रोजाना हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

हालांकि यह बारिश अब फसल के लिए नुकसान पहुंचाने वाली साबित हो रही है। नौणी यूनिवर्सिटी के पर्यावरण विभाग के प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. M.S. जांगड़ा ने कहा कि अगले 4 दिन मौसम बारिश वाला रहेगा। इस दौरान सोलन जिला में कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि टमाटर में ब्लाइट बीमारी को रोकने के लिए किसान पौधे की निचली पत्तियों को 15 से 20 सैंटीमीटर तक काट लें।

By admin

Leave a Reply