Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के भावा वैली सड़क पर हुआ। मृतकों की पहचान शिमला जिले के चौपाल निवासी दया (37) और उमेश (24) के रूप में हुई है। दोनों शादीशुदा थे और भावा वैली से वांगतू की ओर पिकअप में खाली क्रेट लेकर जा रहे थे। सुनसान जगह होने के कारण तुरंत हादसे का पता नहीं चल सका। शनिवार को चौपाल निवासी सुनील कुमार ने भावानगर पुलिस स्टेशन में अपनी पिकअप गाड़ी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम ने क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान शुरू किया। रविवार दोपहर सर्च ऑपरेशन के दौरान पिकअप खाई में दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दी। खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम को मौके पर बुलाया गया। राहत एवं बचाव दल को शवों को खाई से बाहर निकालने में लगभग छह घंटे का कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, अभी तक दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
