Times Himachal : लगवैली के जकरेहड़ में चरस बरामद करने के लिए पहुंची पुलिस की टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया और दो आरोपियों को छुड़ा ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार की है। पुलिस के मुताबिक 17 अक्तूबर को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों से चरस बरामद की गई थी। इसी बीच क्षेत्र की एक पंचायत प्रधान, उसके पति और उपप्रधान समेत स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि करीब 30 से 40 लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा आरोपियों व चरस को जबरन अपने साथ ले गए। मौके पर बची 508 ग्राम चरस पुलिस ने कब्जे में ले ली है। दरअसल पुलिस की डिटेक्शन सेल को शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे सूचना मिली कि दो लोग पैदल कुल्लू की ओर चरस लेकर आ रहे हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रधान समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
