Spread the love

Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के इंदौरा न्यायालय की ओर से उद्घोषित अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार के पहियों पर तीन फायर किए और करीब छह किलोमीटर पीछा करने के बाद अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। घटना 17 नवंबर को खलेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास हुई। पालमपुर पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 157/26 के अनुसार पुलिस जिला नूरपुर के पीओ सेल में कार्यरत आरक्षी विशाल राणा और सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार उद्घोषित अपराधी मजू निवासी रोड़ी, डाकघर ठाकुरद्वारा तहसील पालमपुर की तलाश में थे। मजू पर भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पिस्तौल से कार के टायरों पर तीन गोलियां चलाईं
इंदौरा न्यायालय ने 3 दिसंबर 2024 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। मंगलवार को पुलिस टीम ने खलेट में मजू को कार में सोया हुआ पाया। पहचान बताने पर मजू ने भागने की कोशिश की और आरक्षी विशाल राणा पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। कार के धक्के से विशाल जमीन पर गिर गए और गाड़ी का अगला टायर उनके पैरों पर से निकल गया। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए विशाल ने अपनी पिस्तौल से कार के टायरों पर तीन गोलियां चलाईं। गोलियां लगने के बावजूद मजू गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। घायल अवस्था में भी विशाल राणा और संतोष कुमार ने अपनी निजी गाड़ी से मजू का पीछा किया। करीब पांच से छह किलोमीटर दूर सिद्धपुर श्मशान घाट के पास मोड़ पर मजू को काबू कर लिया गया। उसकी गाड़ी के दोनों टायर पंक्चर पाए गए। इस घटना में आरक्षी विशाल राणा और सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार को हाथों और पैरों में चोटें आई हैं। पुलिस कर्मियों की शिकायत पर थाना पालमपुर में मजू के खिलाफ बीएनएस की धारा 132 और 121(1) के तहत अभियोग संख्या 157/26 दर्ज किया गया है।

 

By admin

Leave a Reply