शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू आज दिल्ली दौरे पर हैं। सीएम सुक्खू दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरे से वह हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र से आर्थिक मदद लाने का प्रयास करेंगे। सूत्र के मुताबिक हाईकमान से मुख्यमंत्री कैबिनेट विस्तार और खासकर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को लेकर चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि बजट सत्र से पहले डिप्टी स्पीकर की तैनाती कर दी जाएगी। डिप्टी स्पीकर के लिए लाहौल स्पीति से विधायक रवि ठाकुर और धर्मपुर से चंद्रशेखर का नाम चर्चा में है। इसी तरह कैबिनेट विस्तार के लिए घुमारवीं से विधायक राजेश धर्माणी और जयसिंहपुर से यादवेंद्र गोमा को मंत्री पद मिल सकता है। यादवेंद्र गोमा का दावा इसलिए मजबूत माना जा रहा है कि क्योंकि पहले चरण के कैबिनेट विस्तार के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनुसूचित जाति (SC) कोटे से कम से कम 2 मंत्री बनाने को कहा था। इस कोटे से अभी धनीराम शांडिल के तौर पर ही एक मंत्री है। SC कोटे से यादवेंद्र गोमा को सुक्खू कैबिनेट में जगह मिल सकती है। वहीं राजेश धर्माणी सुक्खू के करीबी होने के साथ साथ AICC के सचिव भी हैं और बिलासपुर जिले से कोई मंत्री नहीं है। इसलिए क्षेत्रीय संतुलन के लिए उनका मंत्री बनना लगभग तय है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू आज शाम तक दिल्ली से धर्मशाला लौटेंगे। कल वह पालमपुर में होली के पर्व में शामिल होंगे और परसों शिमला आएंगे।
