टाइम्स हिमाचल: चंबा, 7 अप्रैल:
हिमाचल प्रदेश के चंबा-तीसा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंगोला नाला के पास एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
मिली जानकारी के अनुसार, यह ट्रक तीसा से वापस लौट रहा था और वाहन बैजनाथ का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रक पंगोला नाला के समीप पहुंचा, उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वाहन बीच सड़क में बंद हो गया।
इसी दौरान चालक ट्रक की जांच करने के लिए नीचे उतरा। तभी अचानक ट्रक अपने आप पीछे की ओर लुढ़कने लगा और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय चालक ट्रक के बाहर था, जिस कारण उसकी जान बच गई। इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
