Times Himachal (हेम राज चौहान )
हिमाचल में फ़िर बिगड़ा मौसम, दो दिन ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट।
हिमाचल प्रदेश में लगातार मौसम की बेरुखी जारी है। बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से 120% अधिक वर्षा हुई है। राज्य में अगले तीन दिन भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने आज व कल के लिए पांच जिलों में भारी ओलावृष्टि और तेज तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट हैं।
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केन्द्र शिमला के वैज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल तक मौसम अधिक खराब बना रहेगा। खासकर 8 अप्रैल को भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान की संभावना है। जिसका असर 9 अप्रैल तक रहेगा। 10 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की संभावना हैं। बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी, बारिश, ओलावृष्टि के साथ तेज़ हवाओं ने किसानों बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। शिमला और कुल्लू जिलों के कई क्षेत्रों में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। बीते 24 घंटों के दौरान कल्पा में सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस ऊना जिला में रिकॉर्ड किया गया। मौसम के बदले मिजाज के चलते तापमान सामान्य से कम चल रहे हैं। अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
